वाराणसी : रिंग रोड पर बुलेट सवार दो युवकों पर ईंट-पत्थरों से हमला, निकाला असलहा, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस 

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना रिंग रोड के पास बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक दर्जन से अधिक बदमाशों ने बुलेट सवार दो युवकों पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने बाइक रोककर दोनों को ईंट-पत्थरों से पीटकर घायल कर दिया और असलहा निकालकर फायरिंग की भी कोशिश की। किसी तरह दोनों युवक जान बचाकर मौके से भागने में सफल रहे।
 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना रिंग रोड के पास बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक दर्जन से अधिक बदमाशों ने बुलेट सवार दो युवकों पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने बाइक रोककर दोनों को ईंट-पत्थरों से पीटकर घायल कर दिया और असलहा निकालकर फायरिंग की भी कोशिश की। किसी तरह दोनों युवक जान बचाकर मौके से भागने में सफल रहे।

भिखारीपुर गांव निवासी बृजेश यादव अपने साथी राहुल यादव के साथ भदोही से बुलेट पर सवार होकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे रखौना स्थित फुट ओवरब्रिज से उतरकर भिखारीपुर की ओर बढ़े, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने असलहे के दम पर दोनों युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी और ईंट-पत्थरों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब बदमाश असलहा लोड करने लगे, तभी दोनों युवक शोर मचाते हुए मौके से भाग निकले।

शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिसे देख हमलावर बाइक से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल भेजा। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।