वाराणसी : बहला-फुसलाकर गहने हड़पने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार, कैंट पुलिस ने नकदी व जेवर किए बरामद
वाराणसी। कैंट पुलिस ने बहला-फुसलाकर घर से गहने चोरी करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 हजार रुपये नकद, कान की बाली, पायल और बिछिया समेत कई जेवरात बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी सगे भाई बताए जा रहे हैं, जिनके खिलाफ पहले से मुकदमा दर्ज था और पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी वरुणा जोन, एडीसीपी और एसीपी कैंट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत फरार आरोपियों की तलाश तेज कर रखी थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन सेठ (22 वर्ष) और प्रिंस सेठ (20 वर्ष) निवासी कुम्हारपुरा फुलवरिया थाना कैंट वाराणसी के रूप में हुई है। दोनों को 7 मई 2026 की रात करीब 12:05 बजे हजरत बाबा अली बख्श शहीद मजार, फुलवरिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ थाना कैंट में पहले से मुकदमा दर्ज था। आरोप है कि अभियुक्तों ने वादिनी के पुत्र अभिषेक चौबे उर्फ राज को बहला-फुसलाकर घर से जेवरात निकलवा लिए थे। जब परिवार ने गहने वापस मांगे तो आरोपियों ने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। मामले में महेश सेठ, पूजा सेठ, अमन सेठ और प्रिंस सेठ के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 हजार रुपये नकद, दो अदद कान की बाली, चार अदद पायल और छह अदद बिछिया बरामद की। पुलिस का कहना है कि बरामद जेवरात उसी घटना से जुड़े हैं।