वाराणसी : रिंग रोड पर भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन से टकराए ट्रक चालक की मौत

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के हरपुर स्थित रिंग रोड पर रविवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गया, जिससे ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के हरपुर स्थित रिंग रोड पर रविवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गया, जिससे ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब तीन बजे ट्रक (यूपी-62 सीटी-3377) हरहुआ से रखौना की ओर जा रहा था। हरपुर के पास ट्रक आगे चल रहे किसी अज्ञात वाहन के पीछे जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया।

हादसे में ट्रक चालक रामतेज (40) पुत्र रामचरन, निवासी नगवा तीर, थाना धनपतगंज, जनपद सुल्तानपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मिर्जामुराद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाथी बाजार पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उपनिरीक्षक प्रेम कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मृतक के परिजनों और वाहन स्वामी को दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य करा दिया गया।

थानाध्यक्ष गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही वाहन और उसके चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।