वाराणसी: नशीला स्प्रे छिड़क ट्रक चालक व खलासी को बनाया निशाना, नकदी व मोबाइल लेकर फरार

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना गांव स्थित रिंग रोड के पास गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां अज्ञात चोरों ने ट्रक चालक और खलासी को निशाना बनाते हुए नशीला स्प्रे छिड़ककर उनकी नगदी और मोबाइल फोन उड़ा दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है। 
 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना गांव स्थित रिंग रोड के पास गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां अज्ञात चोरों ने ट्रक चालक और खलासी को निशाना बनाते हुए नशीला स्प्रे छिड़ककर उनकी नगदी और मोबाइल फोन उड़ा दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है। 

देवरिया जनपद के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटवा मोढ़ निवासी ट्रक चालक भुरिक यादव अपने खलासी दुर्गेश यादव (निवासी बरनई, थाना महुआडीह) के साथ ट्रक लेकर जा रहे थे। गुरुवार रात दोनों रखौना गांव के समीप एक ढाबे पर भोजन करने के बाद ट्रक के केबिन में शीशा बंद कर सो गए।

इसी दौरान देर रात शातिर चोरों ने ट्रक को निशाना बनाया। आरोप है कि चोरों ने कटर की मदद से खिड़की का शीशा काट दिया और अंदर सो रहे चालक व खलासी के चेहरे पर नशीला स्प्रे छिड़क दिया, जिससे वे गहरी नींद में चले गए। इसके बाद बदमाशों ने चालक की जेब से करीब 6 हजार रुपये नगद और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन निकाल लिया और मौके से फरार हो गए।

शुक्रवार सुबह जब दोनों की नींद खुली तो खिड़की का शीशा कटा देख उनके होश उड़ गए। जेब में रखे रुपये और मोबाइल गायब मिलने पर उन्हें घटना का अहसास हुआ। पीड़ित ने जब अपने मोबाइल नंबर पर कॉल किया, तो उधर से कॉल रिसीव कर अज्ञात व्यक्ति ने खजूरी चौकी पर आकर मोबाइल लेने की बात कही, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया।

इसके बाद भुक्तभोगियों ने मिर्जामुराद थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।