वाराणसी : ट्रक की टक्कर से कार गड्ढे में पलटी, बाल-बाल बचे बीडीओ, बाइक सवार दंपती घायल
वाराणसी। वाराणसी-जौनपुर फोरलेन मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बसनी गांव के पास सुबह करीब 11 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को टक्कर मार दी, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में कार सवार जौनपुर के बीडीओ बाल-बाल बच गए, हालांकि एक अन्य बाइक सवार और उसकी पत्नी घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार कई बार पलटते हुए गड्ढे में जा गिरी। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक कार से टकरा गई, जिससे बाइक सवार शुभम कुमार (30) निवासी गाजीपुर, उनकी पत्नी और 7 वर्षीय बच्चा घायल हो गए। घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से कार को गड्ढे से बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि कार में सवार बीडीओ सुरक्षित बच गए। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।