वाराणसी : भीड़ का फायदा उठाकर चेन स्नैचिंग करने वाली तीन महिलाएं गिरफ्तार, चोरी के आभूषण बरामद
वाराणसी। थाना लालपुर पाण्डेयपुर पुलिस टीम ने चेन स्नैचिंग की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए पीली व सफेद धातु के आभूषण भी बरामद किए हैं। पुलिस महिलाओं से पूछताछ के साथ ही कार्रवाई में जुटी रही।
15 मार्च को एक महिला ने थाना लालपुर पाण्डेयपुर में शिकायत दर्ज कराई कि ऑटो से यात्रा के दौरान अज्ञात महिलाओं ने उसके पर्स से मंगलसूत्र और पायल चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की, जिसकी विवेचना उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार गुप्ता द्वारा की जा रही है।
गिरफ्तार महिलाओं ने बताया कि वे भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक वाहनों में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन और आभूषण चोरी करती थीं। आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने पाण्डेयपुर चौराहे से काली माता मंदिर जाने वाले ऑटो में एक महिला के पर्स से मंगलसूत्र और पायल चुराए थे। इसके अलावा बरामद चेन के संबंध में उन्होंने बताया कि वह भी किसी अन्य स्थान से चोरी की गई थी, हालांकि उन्हें स्थान याद नहीं है।
पुलिस ने अभियुक्ताओं के कब्जे से एक मंगलसूत्र, एक चेन और एक पायल बरामद की है। सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक करूणाशील, महिला उपनिरीक्षक मानवी शुक्ला समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।