वाराणसी : सिलेंडर से सिर कूचकर हत्या के आरोपी की तलाश में जुटीं पुलिस की तीन टीमें, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया घाट के पास अंकित राजभर (26) की गैस सिलेंडर से सिर कूचकर हत्या करने के मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं। आरोपी किशन उर्फ बुढ़वा विश्वकर्मा की तलाश में पुलिस वाराणसी के साथ आसपास के जिलों में भी दबिश दे रही है। पुलिस आशंका के आधार पर रुपये के लेनदेन और अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
 

वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया घाट के पास अंकित राजभर (26) की गैस सिलेंडर से सिर कूचकर हत्या करने के मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं। आरोपी किशन उर्फ बुढ़वा विश्वकर्मा की तलाश में पुलिस वाराणसी के साथ आसपास के जिलों में भी दबिश दे रही है। पुलिस आशंका के आधार पर रुपये के लेनदेन और अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।

शुक्रवार की रात कोनिया स्थित देसी शराब ठेके के पास विजईपुरा निवासी अंकित राजभर के सिर पर पांच किलो के गैस सिलेंडर से वारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने अंकित का अंतिम संस्कार कर दिया।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि अंकित और आरोपी बुढ़वा के बीच पहले से विवाद चल रहा था। मारपीट के दौरान आसपास के लोगों ने दोनों को हटाकर मामला शांत कराया था, लेकिन उनके बीच रंजिश लगातार बनी हुई थी। छानबीन में एक लड़की को लेकर दोनों के बीच टकराव की बात भी सामने आई है।

पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में आरोपी अंकित के सिर पर सिलेंडर से वार करने के बाद भागता दिखाई दे रहा है। सर्विलांस और सिटी कमांड सेंटर की मदद से भी उसकी लोकेशन तलाशने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा आरोपी के संपर्क में रहने वाले युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी बुढ़वा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। उसके संपर्क में रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी वार करता हुआ दिखाई दे रहा है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।