वाराणसी : सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में घुसी डीसीएम, चालक की मौत, खलासी समेत तीन घायल

मिर्जामुराद क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें बकरियों से लदी एक डीसीएम ट्रक कछवां रोड ओवरब्रिज पर खड़े खराब ट्रेलर से पीछे से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में डीसीएम चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खलासी सहित तीन अन्य लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें फंसे चालक ने दम तोड़ दिया। साथ ही वाहन में लदी कई बकरियों की भी मौके पर ही मौत हो गई।
 

वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें बकरियों से लदी एक डीसीएम ट्रक कछवां रोड ओवरब्रिज पर खड़े खराब ट्रेलर से पीछे से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में डीसीएम चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खलासी सहित तीन अन्य लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें फंसे चालक ने दम तोड़ दिया। साथ ही वाहन में लदी कई बकरियों की भी मौके पर ही मौत हो गई।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डीसीएम हाईवे पर तेज गति से गुजर रही थी। इसी दौरान पुलिस द्वारा पीछा किए जाने की आशंका में चालक ने वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी और ओवरब्रिज पर पहले से खराब खड़े एक ट्रेलर में जाकर घुस गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।

 

सूचना मिलते ही मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय और कछवां रोड चौकी प्रभारी रामचंद्र यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस से जक्खिनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, चालक का शव केबिन में बुरी तरह फंसा होने के कारण उसे क्रेन की मदद से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

हादसे के बाद एक ओर जहां कुछ लोग राहत और बचाव कार्य में लगे रहे, वहीं दूसरी ओर कुछ शरारती तत्व मौके का फायदा उठाकर बकरियां उठाकर भागते नजर आए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ लोग चार पहिया वाहनों में बकरियां लादकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, मृतक चालक की पहचान संदीप सिंह (25) पुत्र रामबरन, निवासी मीरपुर मजरे पूरा, पोस्ट ऐलई, थाना खागा (जनपद फतेहपुर) के रूप में हुई है। अन्य घायलों की पहचान कराई जा रही है।