वाराणसी : ईंट-भट्ठे की जांच करने पहुंचे खनन अधिकारी समेत तीन पर हमला, जान से मारने की धमकी
वाराणसी। चोलापुर क्षेत्र में ईंट-भट्ठे की जांच करने पहुंची खनन विभाग की टीम पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने टीम के सदस्यों के साथ मारपीट की और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले में खनन अधिकारी और तीन कर्मचारियों के साथ हुई घटना को लेकर पुलिस ने सात नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
खनन अधिकारी की तहरीर के मुताबिक, शुक्रवार को वह टीम के साथ होमगार्ड संजय राय, राजेश कुमार विश्वकर्मा और जगन्नाथ सिंह के साथ कटहलगंज चौराहे के पास स्थित दुर्गा ईंट उद्योग (अनम मार्का) पहुंचे थे। वहां अवैध ईंट-भट्ठे की जांच और बकाया राजस्व जमा कराने की कार्रवाई की जानी थी। आरोप है कि भट्ठा संचालक कई वर्षों से शुल्क जमा नहीं कर रहा था। जांच के दौरान भट्ठे के पास एक ट्रैक्टर से मिट्टी की ढुलाई की जा रही थी।
टीम एक ट्रैक्टर को थाने ले जा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान संतोष उर्फ श्रवण यादव, अमन यादव, राहुल यादव, राजू यादव, दिलीप यादव, त्रिभुवन यादव, मुन्ना यादव, एक महिला और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। इन लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए टीम पर हमला कर दिया। विरोध करने पर मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। खनन अधिकारी ने वाहन में बैठकर किसी तरह अपनी जान बचाई। थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि खनन अधिकारी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।