वाराणसी : पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई, 50 लीटर कच्ची शराब के साथ तीन गिरफ्तार
वाराणसी। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फूलपुर थाना पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 50 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि करवल बस्ती क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब का निर्माण और बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर थाना फूलपुर पुलिस और आबकारी टीम ने संयुक्त रूप से इलाके में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से 10-10 लीटर की पांच पिपियों में कुल 50 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में अमित कुमार करवल निवासी करवल बस्ती थाना फूलपुर, छेदीलाल बिन्द निवासी ग्राम सुरही थाना फूलपुर तथा फूलचन्द निवासी सेहमलपुर थाना जलालपुर जनपद जौनपुर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों की उम्र 25 से 68 वर्ष के बीच है। इस संबंध में थाना फूलपुर पर मुकदमा अपराध संख्या 0149/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त कार्रवाई में थाना फूलपुर के उपनिरीक्षक अमरजीत सिंह, सुनील कुमार यादव, जितेन्द्र कुमार यादव, अनिल कुमार, आकाश गौंड सहित अन्य पुलिसकर्मी तथा आबकारी विभाग क्षेत्र-2 के प्रभारी सुधीर कुमार सिंह और आबकारी सिपाही शिवानंद सरोज शामिल रहे।