वाराणसी : सस्ता अमेरिकी डॉलर दिलाने का झांसा देकर लोगों को लूटते थे शातिर जालसाज, तीन गिरफ्तार, 46 हजार रुपये और 60 डॉलर बरामद

अमेरिकी डॉलर कम कीमत पर देने का लालच देकर लोगों से धोखाधड़ी और लूट करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 46,005 रुपये नकद, 60 अमेरिकी डॉलर, सात मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड और वारदात में इस्तेमाल की गई दो बाइक बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेख रफीक और प्रमोद कुमार निवासी गाजियाबाद तथा मो. इब्राहिम निवासी उत्तर-पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है।
 

वाराणसी। अमेरिकी डॉलर कम कीमत पर देने का लालच देकर लोगों से धोखाधड़ी और लूट करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 46,005 रुपये नकद, 60 अमेरिकी डॉलर, सात मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड और वारदात में इस्तेमाल की गई दो बाइक बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेख रफीक और प्रमोद कुमार निवासी गाजियाबाद तथा मो. इब्राहिम निवासी उत्तर-पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है।

एसीपी प्रज्ञा पाठक ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि तीनों आरोपी ऐढ़े अंडरपास के पास किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद लालपुर-पांडेयपुर पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर तीनों को दो बाइकों के साथ दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से नकदी, अमेरिकी डॉलर, मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे भोले-भाले लोगों को कम कीमत पर अमेरिकी डॉलर उपलब्ध कराने का झांसा देते थे। इसके लिए लोगों को किसी एकांत स्थान पर बुलाते और उनसे भारतीय रुपये लेकर धोखाधड़ी कर फरार हो जाते थे। इसी तरीके से उन्होंने चार नवंबर को पांडेयपुर चौराहे के पास एक दंपती को निशाना बनाया था। आरोपियों ने दंपती से एक लाख 20 हजार रुपये से भरा थैला छीन लिया था। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले थे।

पुलिस के मुताबिक, लूट की रकम में से आरोपियों ने 25-25 हजार रुपये आपस में बांट लिए थे। शेष रकम में से 46,005 रुपये बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 60 अमेरिकी डॉलर के तीन नोट भी मिले हैं।

पहचान छिपाने के लिए बदलते थे मोबाइल और सिम
आरोपी पुलिस से बचने और अपनी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग मोबाइल फोन और सिम कार्ड का इस्तेमाल करते थे। गिरफ्तार शेख रफीक का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ रामपुर के कोतवाली थाने में लूट और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, प्रमोद कुमार और मो. इब्राहिम के खिलाफ भी वर्तमान लूट के मामले में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़ी अन्य घटनाओं की जानकारी जुटा रही है।