वाराणसी : पशुपतेश्वरनाथ मंदिर में चोरी, चांदी के तीन मुकुट और पूजा के बर्तन गायब समेट ले गए चोर, कॉलोनीवासियों में आक्रोश 

थाना सारनाथ क्षेत्र के अकथा सत्संग नगर कॉलोनी स्थित अतिप्राचीन पशुपतेश्वर नाथ महादेव मंदिर में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर में स्थापित मां शीतला देवी के तीन चांदी के मुकुट और पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाले पीतल के थाली-कटोरी सहित अन्य सामान उठा ले गए। घटना की जानकारी होने के बाद मंदिर के महंत श्री बालयोगी महाराज और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
 

वाराणसी। थाना सारनाथ क्षेत्र के अकथा सत्संग नगर कॉलोनी स्थित अतिप्राचीन पशुपतेश्वर नाथ महादेव मंदिर में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर में स्थापित मां शीतला देवी के तीन चांदी के मुकुट और पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाले पीतल के थाली-कटोरी सहित अन्य सामान उठा ले गए। घटना की जानकारी होने के बाद मंदिर के महंत श्री बालयोगी महाराज और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

बताया गया कि सुबह श्रद्धालु जब मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो देवी मां के चांदी के मुकुट और चेहरे गायब मिले। इसके बाद मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलने पर महंत और स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चोरी की घटना से जुड़े साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।

मंदिर के महंत श्री बालयोगी महाराज ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मंदिर में इससे पहले भी तीन बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। उनका आरोप है कि पूर्व की घटनाओं के बावजूद चोरी रोकने और आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के स्तर पर अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए।

चोरी की घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल पर बार-बार चोरी की घटनाएं होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले का जल्द खुलासा करने और चोरी गए सामान की बरामदगी के साथ आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। महंत और स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन ने जल्द कार्रवाई करते हुए चोरों को गिरफ्तार नहीं किया तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग करेंगे। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।