वाराणसी : चोरी से पहले चोर ने बाइक शोरूम में की मौज, वाशरूम इस्तेमाल किया, ठंडा पानी और काफी पिया, फिल्मी गाने पर जमकर किया डांस, फिर साढे चार लाख की KTM बाइक लेकर हुआ फरार
वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में एक बाइक एजेंसी में चोरी का अनोखा मामला सामने आया है। करीब साढ़े चार लाख रुपये कीमत की KTM बाइक चोरी करने से पहले चोर ने एजेंसी के अंदर जमकर मौज की। एजेंसी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद उसकी हरकतों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। चोरी के इस अंदाज को लेकर शहर में चर्चा तेज है।
चोर ने पहले एजेंसी के शीशे का गेट तोड़ा और अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद उसने वहां मौजूद सामान और सुविधाओं का बेखौफ होकर इस्तेमाल किया। बताया जा रहा है कि चोर ने फ्रिज से ठंडा पानी निकाला और पीने के बाद फिल्मी अंदाज में एजेंसी के अंदर डांस भी किया। सीसीटीवी फुटेज में वह फिल्मी गीत पर डांस करता नजर आ रहा है।
इतना ही नहीं, चोर ने एजेंसी में कॉफी भी बनाई और आराम से उसका आनंद लिया। इसके बाद वह वाशरूम में गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसने अपने अंडरगार्मेंट भी एजेंसी के काउंटर पर रख दिए। चोर की इन हरकतों से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उसे पकड़े जाने का कोई डर नहीं था। काफी देर तक एजेंसी में रहने के बाद चोर ने वहां खड़ी KTM बाइक पर नजर डाली। बताया जा रहा है कि बाइक एजेंसी के जनरल मैनेजर की थी और उसकी कीमत करीब 4.50 लाख रुपये थी। चोर बाइक लेकर एजेंसी से फरार हो गया।
घटना के बाद एजेंसी संचालकों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। फुटेज में चोर की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं, जिसके आधार पर उसकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। चोरी से पहले एजेंसी के भीतर चोर के बेखौफ होकर डांस करने और आराम फरमाने का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरी की घटना से ज्यादा चोर का यह अनोखा अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है। पुलिस टीम चोर की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही आसपास के कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।