वाराणसी : धनतेरस से छठ पूजा तक नहीं कटेगी बिजली, निर्बाध आपूर्ति के लिए बिजली निगम ने कसी कमर
वाराणसी। धनतेरस से लेकर छठ पूजा तक काशीवासियों को बिजली कटौती से राहत मिलेगी। त्योहारों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बिजली निगम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस दौरान किसी भी क्षेत्र में बिजली कटौती नहीं की जाएगी। आपात स्थिति में तत्काल आपूर्ति बहाल करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। बिजलीघरों से लेकर फील्ड स्तर तक कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य अभियंता ई. अनिल वर्मा ने बताया कि धनतेरस से दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज और छठ पूजा तक बाजारों, आवासीय क्षेत्रों और घाटों पर रौनक रहेगी। त्योहारों के दौरान घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में रोशनी की सजावट के चलते बिजली की खपत भी बढ़ेगी। इसे देखते हुए पहले से ही आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं।
700 ट्रांसफार्मरों की बढ़ाई गई क्षमता
बिजली निगम ने आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिले में 700 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई है। इसके साथ ही बिजली उपकेंद्रों की क्षमता में भी वृद्धि की गई है, ताकि बढ़े हुए लोड के बावजूद आपूर्ति प्रभावित न हो। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
फाल्ट होने पर तत्काल पहुंचेगी टीम
त्योहारों के दौरान ट्रांसफार्मर में खराबी, केबल जलने या लोकल फाल्ट की समस्या आने पर उसे तत्काल ठीक कराया जाएगा। इसके लिए फील्ड में विशेष टीमें तैनात रहेंगी। कहीं से भी फाल्ट की सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंचकर मरम्मत का काम शुरू करेगी। ट्रांसफार्मर और बिजली लाइनों से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा, जिससे त्योहारों के दौरान लोगों को बिजली संकट का सामना न करना पड़े।