वाराणसी : बारिश के बीच भरभराकर गिरी मठ की दीवार, चंद कदम दूर खड़ा युवक बाल-बाल बचा, CCTV में कैद हुई घटना

लगातार हो रही बारिश के बीच सिगरा थाना क्षेत्र की सुभाष नगर कॉलोनी में एक मठ की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने की तेज आवाज से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि हादसे के समय दीवार के पास मौजूद एक युवक उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
 

वाराणसी। लगातार हो रही बारिश के बीच सिगरा थाना क्षेत्र की सुभाष नगर कॉलोनी में एक मठ की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने की तेज आवाज से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि हादसे के समय दीवार के पास मौजूद एक युवक उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

बताया गया कि सुभाष नगर कॉलोनी में स्थित मठ की दीवार काफी समय से जर्जर हालत में थी। बारिश के कारण दीवार में नमी बढ़ने से उसकी स्थिति और कमजोर हो गई थी। इसी बीच अचानक दीवार का एक हिस्सा भरभराकर सड़क की ओर गिर पड़ा। दीवार गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक युवक दीवार से महज कुछ कदम की दूरी पर मौजूद था। अचानक दीवार गिरने के बाद मलबा तेजी से सड़क की ओर फैल गया। युवक ने समय रहते खुद को पीछे किया, जिससे वह हादसे की चपेट में आने से बच गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, मठ की जमीन को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है। इसी वजह से जर्जर दीवार का निर्माण या मरम्मत नहीं हो पा रही थी। लोगों का कहना है कि दीवार काफी समय से कमजोर थी और बारिश के दौरान इसके गिरने का खतरा बना हुआ था। समय रहते मरम्मत नहीं होने के कारण आखिरकार दीवार का एक हिस्सा धराशायी हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जर्जर हिस्सों का निरीक्षण कराने और सुरक्षा के लिहाज से जरूरी कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि आसपास आवागमन बना रहता है, ऐसे में किसी बड़े हादसे से पहले कमजोर हिस्सों को सुरक्षित करना जरूरी है। सिगरा पुलिस और स्थानीय प्रशासन को घटना की जानकारी दी गई है। फिलहाल दीवार गिरने से किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। CCTV फुटेज के सामने आने के बाद हादसे की तस्वीर भी स्पष्ट हो गई है।