वाराणसी : युवक की हत्या का मुख्य आरोपित चढ़ा पुलिस के हत्थे, ईंट भट्ठे पर विवाद के बाद घटना को दिया अंजाम 

बड़ागांव थाना क्षेत्र में अश्वनी सिंह उर्फ मोनल हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी लवकुश पटेल उर्फ लालू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सटीक सूचना पर इंदरखापुर चक्का सीमा पर स्थित पुलिया के पास से दबोचा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था। दो दिन पहले युवक की धारदार हथियार से वारकर हत्या की गई थी। 
 

वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र में अश्वनी सिंह उर्फ मोनल हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी लवकुश पटेल उर्फ लालू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सटीक सूचना पर इंदरखापुर चक्का सीमा पर स्थित पुलिया के पास से दबोचा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था। दो दिन पहले युवक की धारदार हथियार से वारकर हत्या की गई थी। 

26 दिसंबर की रात मिर्जापुर के पास आपसी विवाद के दौरान अश्वनी सिंह उर्फ मोनल (23 वर्ष) की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई की तहरीर पर थाना बड़ागांव में मुकदमा संख्या 526/25 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन आकाश पटेल एवं अपर पुलिस उपायुक्त वैभव बांगर ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया।

सहायक पुलिस आयुक्त पिण्डरा के निर्देशन में थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लगातार दबिश और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश जारी रखी। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस ने वांछित अभियुक्त लवकुश पटेल को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ग्राम भेलखा स्थित सूर्या भट्टा के पास मादक पदार्थ सेवन के दौरान उसका अश्वनी सिंह से विवाद हो गया था। विवाद के बाद अश्वनी भोजन करने अपने मित्र के घर चला गया। इस दौरान आरोपी ने परिजनों को घटना की जानकारी दी और मन में बदले की भावना पाल ली। जब अश्वनी भोजन कर वापस लौट रहा था, तब आरोपी ने अपने चाचा के पुत्र अर्जुन पटेल और आर्यन पटेल के साथ मिलकर उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण अश्वनी की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध थाना शिवपुर में वर्ष 2020 में दंगा, मारपीट और धमकी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। वर्तमान में आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।