वाराणसी : तीन साल पहले हुआ टेंडर, अब तक शुरू नहीं हुआ काम, फर्म और ठेकेदार होंगे ब्लैक लिस्टेड, इंजीनियरों को प्रतिकूल प्रविष्टि
वाराणसी। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सीएम ग्रिड योजना के प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान घोर लापरवाही सामने आई। 2023 में टेंडर होने के बावजूद अब तक काम शुरू न होने पर उन्होंने फर्म और ठेकेदारों को ब्लैक लिस्टेड करने के निर्देश दिए। वहीं एक्सईएन, एई और जेई को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने की संस्तुति की।
महापौर ने कहा कि सीएम ने तीन साल पहले टेंडर के बावजूद अभी तक काम शुरू न कराने वाली फर्मों और ठेकादारों को चिह्नित कर उन्हें ब्लैक लिस्टेड किया जाए। उन्होंने कार्यों के आवंटन में पारदर्शिता के लिए हर शुक्रवार और शनिवार को लाटरी सिस्टम के जरिये टेंडर प्रक्रिया को पूरा करने का निर्देश दिया।
मेयर ने नालों की सफाई की भी जानकारी ली। निर्देश दिया कि सफाई की मानीटरिंग के लिए संबंधित फर्मों से शपथपत्र लिया जाए और इंजीनियरों की जिम्मेदारी तय की जाए। उन्होंने शहर के जिन इलाकों में बारिश में जलभराव की समस्या होती है, उन इलाकों में प्राथमिकता के आधार पर नालों की सफाई के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग से छोटे नालों की सफाई की विस्तृत कार्ययोजना भी तलब की।