वाराणसी : खंभा हटाते समय दौड़ा करंट, किशोर की मौत, बचाने पहुंचे दो युवक भी झुलसे, घटना के बाद मचा कोहराम

लंका थाना क्षेत्र के नरिया स्थित इमाम चौक पर रविवार रात खंभा हटाने के दौरान हुए हादसे में करंट की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंचे दो युवक भी गंभीर रूप से झुलस गए। तीनों को आनन-फानन में बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दोनों घायलों का उपचार किया गया। उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
 

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के नरिया स्थित इमाम चौक पर रविवार रात खंभा हटाने के दौरान हुए हादसे में करंट की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंचे दो युवक भी गंभीर रूप से झुलस गए। तीनों को आनन-फानन में बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दोनों घायलों का उपचार किया गया। उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा स्थित फारूकी नगर निवासी शमशाद (14) पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद शहीद रविवार रात करीब 10:30 बजे नरिया के इमाम चौक पर खंभा हटाने के काम में गया था। इसी दौरान खंभा हटाते समय वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से किशोर मौके पर ही बुरी तरह झुलस गया। उसे तड़पता देख वहां मौजूद इब्राहिम उर्फ राहुल और बबलू उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन बचाव की कोशिश में दोनों युवक भी करंट की चपेट में आ गए।

एक साथ तीन लोगों के करंट से झुलसने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह मदद करते हुए तीनों को अस्पताल पहुंचाया। बीएचयू ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों ने शमशाद की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, इब्राहिम उर्फ राहुल और बबलू का उपचार शुरू किया गया। दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है।

पिता और बड़े भाई की पहले ही हो चुकी है मौत
शमशाद की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। बताया गया कि उसके पिता मोहम्मद शहीद और बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी थी। ऐसे में शमशाद अपनी मां और बहन के साथ रहता था। परिवार के लिए वह बेहद अहम सहारा था। किशोर की असमय मौत से मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर एक बार फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग भी शोक जताने के लिए पहुंचने लगे।