वाराणसी : बाइक पर बैठाकर किशोरी को ले गए, कहा- अब नहीं मिलेगी बेटी, मां ने पुलिस से लगाई गुहार 

रोहनिया थाना क्षेत्र से चार दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के मामले में पुलिस ने उसकी मां की तहरीर पर गांव के ही युवक सहित चार लोगों के खिलाफ अपहरण और धमकी देने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस किशोरी की बरामदगी और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
 

वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र से चार दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के मामले में पुलिस ने उसकी मां की तहरीर पर गांव के ही युवक सहित चार लोगों के खिलाफ अपहरण और धमकी देने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस किशोरी की बरामदगी और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

पीड़िता की मां ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 25 जून की रात करीब 11 बजे घर के बाहर मोटरसाइकिल की आवाज सुनकर वह बाहर निकलीं। वहां उन्होंने गांव के पंकज पटेल और उसकी बहन तन्नू पटेल को अपनी बेटी से बातचीत करते देखा। आरोप है कि तन्नू किशोरी की सहेली होने के कारण उसे अपने साथ जाने के लिए तैयार कर लिया और दोनों उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मेहदीगंज स्थित अपने मामा के घर ले गए। पीड़िता की मां का आरोप है कि जब वह अपनी बेटी के बारे में जानकारी लेने पंकज के घर पहुंचीं तो उसकी मां मीरा देवी ने कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, कथित रूप से उनके साथ गाली-गलौज कर घर से भगा दिया गया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि अगले दिन तन्नू के गांव लौटने पर जब दोबारा बेटी के बारे में पूछा गया तो आरोपियों ने धमकी दी कि अब उनकी बेटी वापस नहीं मिलेगी। साथ ही पुलिस में शिकायत करने पर मां-बेटी की हत्या कराने की धमकी भी दी गई। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा किशोरी की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।