वाराणसी : पढ़ाई के लिए मां ने डांटा, कमरे में अचेत अवस्था में मिली किशोरी, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के जानकी बाग कॉलोनी में गुरुवार को 14 वर्षीय किशोरी कमरे में अचेत अवस्था में मिली। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। किशोरी को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। किशोरी की मां ने उसे पढ़ाई के लिए डांटा था। इससे क्षुब्ध होकर किशोरी के आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आ रही है।
बिहार के कैमूर जनपद के मोहनिया रोड क्षेत्र के रहने वाले श्रवण उपाध्याय अपने परिवार के साथ वाराणसी में किराए के मकान में निवास करते हैं। वह एक निजी संस्था में कार्यरत हैं। परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह घर में पढ़ाई को लेकर बातचीत हुई थी, जिसके बाद उनकी पुत्री नैंसी उपाध्याय अपने कमरे में चली गई।
कुछ समय तक कमरे से बाहर न आने पर परिजनों को चिंता हुई। जब परिवार के सदस्य उसे देखने पहुंचे तो वह अचेत अवस्था में मिली। यह दृश्य देखकर परिवार के लोग घबरा गए और तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से किशोरी को तुरंत बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही लंका थाना पुलिस और एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिवार के सदस्यों समेत आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मौके से संबंधित साक्ष्य एकत्र कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर घटना का संबंध मानसिक एवं भावनात्मक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। स्थानीय लोगों ने भी दुख व्यक्त करते हुए कहा कि किशोरावस्था के बच्चों के साथ संवाद, भावनात्मक सहयोग और उनकी मानसिक स्थिति पर विशेष ध्यान देना बेहद आवश्यक है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।