वाराणसी : मीरघाट पर गंगा में नहाते वक्त डूबकर किशोरी की मौत, परिजनों संग आई थी घूमने
वाराणसी। मीरघाट पर मंगलवार सुबह गंगा स्नान के दौरान 14 वर्षीय किशोरी की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दशाश्वमेध चौकी पुलिस, जल पुलिस, स्थानीय गोताखोर और नाविक तत्काल मौके पर पहुंचे तथा संयुक्त प्रयास से किशोरी को गंगा से बाहर निकाला गया। उसे तत्काल एम्बुलेंस से कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सिमरन ठाकुर (14 वर्ष) पुत्री पप्पू कुमार ठाकुर, निवासी ग्राम बनसोई, थाना मुशरख, जिला छपरा (बिहार) के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ वाराणसी भ्रमण और गंगा स्नान के लिए आई थी। मंगलवार सुबह परिवार के साथ मीरघाट पर स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दशाश्वमेध चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जल पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और नाविकों की मदद से किशोरी की तलाश शुरू की गई। कुछ देर की मशक्कत के बाद उसे गंगा से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भेजा गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।