वाराणसी : शिक्षिका ने फंदा लगाकर दी जान, तीन साल पहले हुई थी शादी
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के गहुरा गांव में शुक्रवार को एक शिक्षिका ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। मृतका की पहचान ज्योति दुबे (25 वर्ष) के रूप में हुई। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ज्योति की शादी करीब तीन वर्ष पहले अभिषेक दुबे उर्फ लल्लू से हुई थी। वह एक निजी विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं, जबकि पति छत्तीसगढ़ में रहकर अध्यापन का कार्य करते थे। परिजनों के अनुसार शुक्रवार सुबह ज्योति काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलीं। इस पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद ससुर शशिकांत दुबे ने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे परिजनों ने ज्योति को फंदे से लटका देखा। आनन-फानन में नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक शिक्षिका की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।