वाराणसी : टैक्स में छूट के लिए अब सिर्फ 6 दिन का मौका, 15 जुलाई तक करें भुगतान और पाएं 12% तक छूट
वाराणसी। नगर निगम ने गृहकर, जलकर और सीवरकर जमा करने वाले भवन स्वामियों से 15 जुलाई से पहले बकाया कर जमा कर आकर्षक छूट का लाभ उठाने की अपील की है। निगम के अनुसार, करदाताओं के पास अब महज छह दिनों का समय शेष है। 15 जुलाई तक कर जमा करने पर 10 प्रतिशत की सामान्य छूट दी जा रही है, जबकि डिजिटल माध्यम से भुगतान करने वाले करदाताओं को अतिरिक्त दो प्रतिशत की रियायत के साथ कुल 12 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। इसी सुविधा के चलते बड़ी संख्या में लोग अब नगर निगम कार्यालयों की लंबी कतारों से बचते हुए ऑनलाइन माध्यमों को अपना रहे हैं।
नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार, चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 23,416 भवन स्वामियों ने डिजिटल माध्यम से 23.59 करोड़ रुपये का संपत्ति कर जमा किया है। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की समान अवधि में डिजिटल माध्यम से जमा हुए 19.75 करोड़ रुपये की तुलना में उल्लेखनीय रूप से अधिक है। इससे स्पष्ट है कि शहर में डिजिटल टैक्स भुगतान को लेकर लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।
करदाताओं की सुविधा के लिए नगर निगम ने व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा भी शुरू की है। व्हाट्सएप नंबर 86018 72601 पर केवल "Hi" भेजते ही संबंधित भवन का डिजिटल बिल उपलब्ध हो जाता है और वहीं से ऑनलाइन भुगतान भी किया जा सकता है। इस सुविधा का लाभ उठाते हुए अब तक 2,422 भवन स्वामियों ने अपने मोबाइल फोन से ही करीब 1.78 करोड़ रुपये का कर जमा किया है।
नगर निगम ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से जुड़े उपभोक्ताओं को भी प्रोत्साहित किया है। चैटबॉट के माध्यम से अपने भवन पर सोलर पैनल लगवाने वाले करदाताओं को संपत्ति कर में अतिरिक्त 10 प्रतिशत की छूट प्रदान की जा रही है। अब तक इस सुविधा के लिए पांच भवन स्वामियों ने आवेदन किया है, जिनमें भेलूपुर और कोतवाली जोन से एक-एक तथा सारनाथ जोन से तीन आवेदन प्राप्त हुए हैं।
नगर निगम का चैटबॉट केवल टैक्स जमा करने तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से करदाता टैक्स या बिलिंग संबंधी शिकायतें भी दर्ज करा सकते हैं। अब तक पानी और सीवर टैक्स की गणना से जुड़े 39 मामलों की शिकायतें चैटबॉट के जरिए प्राप्त हुई हैं, जिनका निगम प्रशासन द्वारा त्वरित निस्तारण कराया जा रहा है। कर संग्रह अभियान को गति देने के लिए नगर निगम ने बकायेदारों को मोबाइल पर रिमाइंडर संदेश भेजने के साथ-साथ काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से फोन कॉल कर भी जागरूक करना शुरू किया है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि जिन करदाताओं ने अप्रैल और मई के दौरान कर जमा कर दिया था, उनकी छूट की राशि अगले वर्ष के बिल में समायोजित कर दी जाएगी। उन्होंने सभी भवन स्वामियों से अपील की कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें, समय रहते डिजिटल माध्यम से कर जमा कर अधिकतम छूट का लाभ उठाएं और कार्यालयों की भीड़ से भी बचें।