वाराणसी : पेइंग गेस्ट हाउस में युवक की संदिग्ध मौत, युवती के साथ ठहरा था, पुलिस जांच में जुटी

सिगरा थाना क्षेत्र के विजय नगर कॉलोनी स्थित एक पेइंग गेस्ट हाउस में शुक्रवार को एक 39 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक एक युवती के साथ कमरे में ठहरा हुआ था। अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर युवती ने शोर मचाकर कर्मचारियों को बुलाया। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को तत्काल अस्पताल लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
 

वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के विजय नगर कॉलोनी स्थित एक पेइंग गेस्ट हाउस में शुक्रवार को एक 39 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक एक युवती के साथ कमरे में ठहरा हुआ था। अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर युवती ने शोर मचाकर कर्मचारियों को बुलाया। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को तत्काल अस्पताल लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक और युवती शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे पेइंग गेस्ट हाउस पहुंचे थे। गेस्ट हाउस की मालकिन ने बताया कि दोनों ने कमरा लिया था। करीब साढ़े चार बजे युवती घबराई हुई नीचे आई और कर्मचारियों से कहा कि उसके पति की अचानक तबीयत खराब हो गई है तथा तत्काल मदद की जरूरत है। इसके बाद कर्मचारियों ने यूपी-112 पर सूचना दी।

सूचना मिलते ही सिगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को युवक के पास से मिले आधार कार्ड के अनुसार उसकी पहचान निलेश शर्मा (39 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, उसके साथ मौजूद युवती की पहचान आधार कार्ड के आधार पर खुशबू के रूप में हुई है। दोनों छत्तीसगढ़ के निवासी बताए गए हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गेस्ट हाउस पहुंचकर कमरे का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके।