वाराणसी : जिला पंचायत सदस्य के उपचुनाव में सुनील विजयी, 1264 मतों से हासिल की जीत, समर्थकों में खुशी
वाराणसी। चिरईगांव ब्लॉक के जिला पंचायत सदस्य सेक्टर नम्बर 2 के लिए हुए पंचायत उपचुनाव में सुनील कुमार विजयी हुए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अवधेश कुमार को 1264 मतों से हराकर जीत दर्ज की है। इससे उनके समर्थकों में खुशी का माहौल व्याप्त है।
जिला पंचायत सदस्य सेक्टर नम्बर दो के लिए हुए उपचुनाव में तीन प्रत्याशी मैदान में थे। सुभासपा से समर्थित सुनील कुमार को 3884 मत, सपा समर्थित अवधेश कुमार को 2620 मत और बसपा समर्थित मृत्युंजय को 1325 मत मिले। 51349 मतों में से 7925 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें कुल वैध मत 7829 और 96 मत अवैध रहे।
इस बाबत निर्वाचन अधिकारी डीके सिंह ने बताया कि शुक्रवार को सुबह 08.00 बजे से ब्लॉक सभागार में मतगणना शुरु हुई। जो दोपहर 01.00 बजे से पहले समाप्त हो गई। टोटल 7925 मत पड़े थे। जिसमें अवधेश को 2620 मत,सुनील को 3884 मत मिले।सुनील कुमार 1264 मत अधिक पाकर विजयी घोषित किए गए।
उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत सदस्य सेक्टर नंबर 2 से वंदना ने जीत हासिल की थी। बीते वर्ष अक्टूबर 2023 में बीमारी के दौरान उसका निधन हो गया। तब से यह सीट खाली चल रही थी। पंचायत उपचुनाव में स्व. वंदना देवी के पति सुनील कुमार उक्त सीट पर जीत दर्ज कर कब्जा बरकरार रखा।
धनरा देवी का निर्विरोध निर्वाचन
चिरईगांव ब्लॉक में रिक्त क्षेत्र पंचायत सदस्य पद वार्ड संख्या 21 मुरीदपुर-परनापुर से निर्विरोध निर्वाचित धनरा देवी को प्रमाण पत्र दिया गया। सहायक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र पंचायत सदस्य संख्या 21 मुरीदपुर-परनापुर से एक मात्र आवेदन धनरा देवी ने किया था। ऐसे में उन्हें निर्विरोध घोषित करते हुए प्रमाण पत्र दिया गया। वहीं बीडीसी संख्या 1 सरसौल से एक भी नामांकन नहीं होने से यह पद पुनः रिक्त रह गया।