वाराणसी : खालसा बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने लिया संकल्प, घर से शुरू करेंगे गंगा स्वच्छता की मुहिम
गंगा को निर्मल और स्वच्छ बनाने के अभियान में नई पीढ़ी की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को गुरुबाग स्थित गुरुनानक खालसा बालिका इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 137 सीईटीएफ, 39 जीआर गंगा टास्क फोर्स और नमामि गंगे गंगा विचार मंच के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में छात्राओं को गंगा संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। छात्राओं ने ‘हर-हर गंगे, नमामि गंगे, नहीं रुकेंगे हम, स्वच्छ करेंगे’ के उद्घोष के साथ स्वच्छ गंगा का संदेश दिया।
वाराणसी। गंगा को निर्मल और स्वच्छ बनाने के अभियान में नई पीढ़ी की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को गुरुबाग स्थित गुरुनानक खालसा बालिका इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 137 सीईटीएफ, 39 जीआर गंगा टास्क फोर्स और नमामि गंगे गंगा विचार मंच के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में छात्राओं को गंगा संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। छात्राओं ने ‘हर-हर गंगे, नमामि गंगे, नहीं रुकेंगे हम, स्वच्छ करेंगे’ के उद्घोष के साथ स्वच्छ गंगा का संदेश दिया।
कार्यक्रम में गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार धनेश यादव और नमामि गंगे के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के नेतृत्व में छात्राओं से संवाद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि गंगा केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि जल, कृषि, आजीविका और पर्यावरण का महत्वपूर्ण आधार है। इसे प्रदूषण से बचाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गंगा संरक्षण की शुरुआत घर से की जा सकती है।
निर्माल्य और पॉलीथिन गंगा में न डालने की अपील
छात्राओं से अपील की गई कि पूजा-पाठ के बाद निकलने वाले निर्माल्य, पॉलीथिन, पुराने कपड़े और अन्य सामग्री को गंगा में प्रवाहित न करें। इनके उचित निस्तारण की व्यवस्था की जाए। वक्ताओं ने घरों में कचरे को अलग-अलग करने और उसके निर्धारित तरीके से निस्तारण की आदत विकसित करने पर जोर दिया। कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव से पर्यावरण और गंगा की स्वच्छता पर सकारात्मक असर पड़ेगा।
प्रश्नोत्तरी में छात्राओं ने दिया जवाब
कार्यक्रम में संवाद सत्र के बाद गंगा और नमामि गंगे से संबंधित प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। गंगा के उद्गम समेत विभिन्न विषयों पर पूछे गए सवालों का छात्राओं ने उत्साह के साथ जवाब दिया। सही उत्तर देने वाली छात्राओं को नमामि गंगे की टी-शर्ट, टोपी और पौधे भेंट किए गए।
औषधीय पौधे बांटे, परिसर में हुआ पौधरोपण
अभियान के तहत विद्यालय की शिक्षिकाओं को औषधीय पौधे वितरित किए गए। विद्यालय परिसर में हल्दी के पौधे भी रोपे गए। छात्राओं से घर और आसपास पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण की अपील की गई। विद्यालय की प्राचार्य सुमेधा सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम को छात्राओं में पर्यावरण और गंगा संरक्षण की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम समन्वयक लक्ष्मी पाठक, जय विश्वकर्मा और चारुशिला सिन्हा समेत विद्यालय प्रबंधन के किरण शुक्ला, मृदुला राय, किरण खन्ना, मृदुला नौटियाल, राजेश राय, कोमल चौरसिया सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।