वाराणसी : घर की खिड़की पेंट करते समय करंट से छात्र की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के अरका (कंसरायपुर) गांव में रविवार शाम घर की खिड़की पेंट करते समय करंट की चपेट में आने से 17 वर्षीय छात्र राहुल कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, छात्र की असामयिक मौत से पूरे गांव में मातम छा गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी रही।
अरका गांव निवासी योगेंद्र कुमार का पुत्र राहुल कक्षा 11 में पढ़ता था। नवरात्र के मद्देनजर घर में साफ-सफाई के बाद रविवार शाम वह खिड़की पर पेंट कर रहा था। इसी दौरान वह घर में खुले घरेलू बिजली के तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में राहुल को लेकर एक निजी अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच किसी व्यक्ति ने हादसे की सूचना पुलिस को दे दी। जानकारी मिलने पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद मिर्जापुर के कछवां स्थित गंगा घाट पर छात्र का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था राहुल
राहुल अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसके पिता योगेंद्र कुमार मछली पालन कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार को राहुल से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन हादसे ने उनकी खुशियां छीन लीं। छात्र की मौत से गांव में शोक का माहौल है।