वाराणसी : स्कूल जाते समय डंपर की चपेट में आने से छात्रा की मौत, घटना से आक्रोश, शव सड़क पर रखकर चक्काजाम 

चौबेपुर थाना क्षेत्र के बार्थरा कला (टड़िया) गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी की मंगलवार सुबह डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा सरैया बिशनपुरा में हुआ। मृतका की पहचान राजेश कुमार की पुत्री रोशनी के रूप में हुई है। वह श्री कच्चा बाबा इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा थी। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर को रोककर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने डंपर और चालक को कब्जे में ले लिया है।
 

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के बार्थरा कला (टड़िया) गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी की मंगलवार सुबह डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा सरैया बिशनपुरा में हुआ। मृतका की पहचान राजेश कुमार की पुत्री रोशनी के रूप में हुई है। वह श्री कच्चा बाबा इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा थी। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर को रोककर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने डंपर और चालक को कब्जे में ले लिया है।

परिजनों के मुताबिक, रोशनी मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से विद्यालय जाने के लिए निकली थी। वह बिशनपुरा में पूर्व प्रधान पप्पू मिश्रा के घर के सामने पहुंची थी, तभी तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर को रोक लिया और चालक को पकड़ लिया।

उधर, हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शव लेकर जाल्हूपुर बाजार पहुंचे और बार्थरा कला मार्ग के सामने चंद्रा-बलुआ रोड पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि हादसे की जानकारी मिलने के बावजूद विद्यालय की ओर से कोई मौके पर नहीं पहुंचा। इससे नाराज परिजन शव लेकर श्री कच्चा बाबा इंटर कॉलेज के सामने पहुंच गए और मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। चौबेपुर और चोलापुर थाने के प्रभारी ग्रामीणों और परिजनों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास करते रहे, लेकिन प्रदर्शनकारी जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस के अनुसार, डंपर और चालक को कब्जे में ले लिया गया है तथा मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। मृतका चार बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। किशोरी की मौत से परिवार में मातम पसरा है।