वाराणसी : कांजी हाउस में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई, कर्मी की सेवा समाप्त, राजस्व निरीक्षक को हटाया 

नगर निगम ने कांजी हाउस में गोवंशों की देखरेख में लापरवाही बरतने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम ऐढ़े स्थित कांजी हाउस में हुई घटना के बाद नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जिम्मेदार कर्मचारियों पर कड़ा रुख अपनाया है।
 

वाराणसी। नगर निगम ने कांजी हाउस में गोवंशों की देखरेख में लापरवाही बरतने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम ऐढ़े स्थित कांजी हाउस में हुई घटना के बाद नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जिम्मेदार कर्मचारियों पर कड़ा रुख अपनाया है।

बीती रात एक उग्र गोवंश ने एक बछड़े को मार दिया और वहां लगे गेट को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। गेट टूटने के कारण बाहरी कुत्ते अंदर घुस गए और मृत बछड़े के शव को नुकसान पहुंचाया। यह घटना सामने आने के बाद नगर निगम में हड़कंप मच गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सुरक्षा में तैनात एक संविदा कर्मी की सेवा समाप्त कर दी। साथ ही संबंधित राजस्व निरीक्षक को भी पद से हटा दिया गया है। इसके अलावा कांजी हाउस के प्रभारी पशु कल्याण अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा गया है।

नगर निगम ने तत्काल कदम उठाते हुए क्षतिग्रस्त गेट की मरम्मत भी करा दी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पशुओं की देखरेख में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।