वाराणसी : चुनार के पत्थरों से निखरेंगी केदारेश्वर की गलियां, लगेंगी लाइटें व हेरिटेज पोल
वाराणसी। केदारघाट पर स्थित गौरी केदारेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। केदारघाट के सौंदर्यीकरण और पुनर्विकास के लिए शासन की ओर से 90 लाख रुपये के बजट को स्वीकृति दी गई है। इसके तहत पहले चरण में 60 लाख रुपये की राशि कार्यदायी संस्था को जारी भी कर दी गई है।
पर्यटन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, नमो घाट की तर्ज पर केदारघाट का पुनर्निर्माण कराया जाएगा। घाट के ऊपरी हिस्से को मॉडल घाट के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां चुनार के पत्थरों का विशेष रूप से उपयोग होगा। गलियों और रास्तों में चुनार के पत्थर लगाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र की पारंपरिक पहचान को भी बढ़ावा मिलेगा।
अधिकारियों का कहना है कि केदारघाट पर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बेंच, शुद्ध पेयजल, आधुनिक शौचालय और चेंजिंग रूम जैसी मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही घाट क्षेत्र में आकर्षक लाइटिंग और हेरिटेज पोल लगाए जाएंगे, जिससे रात के समय केदारघाट की आभा और भी बढ़ जाएगी। मंदिर तक जाने वाले मार्गों को भी व्यवस्थित किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके अलावा घाट की सीढ़ियों को दिव्यांगजनों के अनुकूल बनाने के लिए रैंप का निर्माण भी प्रस्तावित है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि केदारेश्वर घाट को एक नए और आकर्षक स्वरूप में विकसित किया जा रहा है। घाट की संरचना को मजबूत बनाने के साथ-साथ वहां सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके।