वाराणसी में जलजमाव पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बीजेपी को घेरा, बोले, विधायक से लेकर मेयर तक बीजेपी के फिर भी नहीं सुधरी व्यवस्था 

शहर में बारिश के बाद जगह-जगह हुए जलजमाव और हादसों को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम से लेकर प्रदेश सरकार तक भाजपा के पास सत्ता और जिम्मेदारी है, इसके बावजूद वाराणसी के लोगों को हर बारिश में जलजमाव और बदहाल व्यवस्थाओं का सामना करना पड़ रहा है।
 

वाराणसी। शहर में बारिश के बाद जगह-जगह हुए जलजमाव और हादसों को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम से लेकर प्रदेश सरकार तक भाजपा के पास सत्ता और जिम्मेदारी है, इसके बावजूद वाराणसी के लोगों को हर बारिश में जलजमाव और बदहाल व्यवस्थाओं का सामना करना पड़ रहा है।

अजय राय ने कहा कि वाराणसी में महापौर से लेकर अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भाजपा के जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार लोग हैं। इसके बावजूद बारिश होते ही शहर की सड़कों और गलियों में पानी भर जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब नगर की व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी भाजपा के पास है तो जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान क्यों नहीं हो पा रहा है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने वाराणसी की जनता से बड़े-बड़े विकास के वादे किए, लेकिन जमीनी स्तर पर लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता को विकास के नाम पर ठगने का काम किया गया है और बारिश ने सरकारी दावों की वास्तविकता सामने ला दी है।

उन्होंने हाल की बारिश के दौरान हुए हादसों पर भी दुख जताया। अजय राय ने कहा कि जलभराव और बारिश के बीच करंट की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हुई, जबकि दीवार गिरने से पति-पत्नी की जान चली गई। उन्होंने इन हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। अजय राय ने कहा कि बारिश के दौरान होने वाली ऐसी घटनाएं केवल प्राकृतिक आपदा नहीं हैं, बल्कि लापरवाही के कारण इनका प्रभाव और गंभीर हो जाता है। उन्होंने प्रशासन से जलनिकासी व्यवस्था की तत्काल समीक्षा कराने, जलभराव वाले क्षेत्रों को चिह्नित करने और हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।