वाराणसी : तेज रफ्तार स्कार्पियो ने ट्रेलर में मारी टक्कर, चालक घायल
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के डुबकियां के समीप तेज रफ्तार स्कार्पियो ने ट्रेलर में टक्कर मार दी। इससे ट्रेलर चालक घायल हो गया। उसे नरपतपुर पीएचसी में भर्ती कराया गया, लेकिन चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद स्कार्पियो चालक मय वाहन मौके से फरार हो गया।
चंदौली जिले के चकिया निवासी चालक मंजीत यादव (25 वर्ष) ट्रेलर लेकर डुबकियां से मुड़कर रामनगर की ओर जा रहा था। तभी गलत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने ट्रेलर में जोरदार टक्कर मार दी। इससे ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर जुटे लोगों ने तत्काल उसे नरपतपुर पीएचसी पहुंचाया। घायल की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मार्ग पर यातायात सुचारू कराया। वहीं फरार स्कार्पियो सवार का पता लगाने में जुट गई।