वाराणसी : महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर सपा का हल्लाबोल, भाजपा सरकार को घेरा

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर सोमवार को वाराणसी के शास्त्री घाट पर सपा कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जनसमस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
 

वाराणसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर सोमवार को वाराणसी के शास्त्री घाट पर सपा कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जनसमस्याओं के समाधान की मांग उठाई।

सपा नेताओं ने कहा कि वर्तमान समय में आम जनता लगातार बढ़ती महंगाई से परेशान है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, दूध तथा अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम लोगों का घरेलू बजट पूरी तरह प्रभावित हो गया है। नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है और जनता को राहत देने के बजाय केवल दावे किए जा रहे हैं।

सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ‘लक्कड़’ ने कहा कि भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों का सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि एक ओर महंगाई लगातार बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर लोगों की आय में कोई वृद्धि नहीं हो रही है। इससे आम परिवारों का जीवन-यापन कठिन हो गया है।

सपा नेता हरीश मिश्रा ने कहा कि बेरोजगारी आज देश के युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती बन चुकी है। लाखों शिक्षित युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, लेकिन सरकार उनके लिए पर्याप्त रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में असफल रही है। उन्होंने नीट परीक्षा पेपर लीक सहित विभिन्न मुद्दों का उल्लेख करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और कहा कि शिक्षा तथा रोजगार दोनों क्षेत्रों में युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है।

प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने सरकार से महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की। बड़ी संख्या में मौजूद सपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनता से जुड़े मुद्दों की अनदेखी जारी रही तो पार्टी आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।