वाराणसी में सनसनीखेज वारदात: नशे के लिए पैसे न देने पर बेटे ने मां की सिर कूंचकर कर दी हत्या, पुलिस कर रही पूछताछ 

मंडुवाडीह थाना के भुल्लनपुर में नशेड़ी बेटे ने नशे के लिए पैसे न मिलने पर मां की सिर कूंचकर हत्या कर दी। घटना के बाद कोहराम मच गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। 
 

वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के भूल्लनपुर इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी ही मां की सिर कुचलकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक नशे का आदी है और खाने को लेकर हुए विवाद के बाद उसने अपनी मां पर हमला कर दिया।

घटना भूल्लनपुर पंचायत भवन के पास की बताई जा रही है। यहां रहने वाले घनश्याम ने अपनी मां पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घर में मौजूद अन्य लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। आरोपी के बड़े भाई बहादुर ने पुलिस को फोन कर मामले की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार के साथ-साथ पूरे मोहल्ले में शोक और आक्रोश का माहौल है।

मामले की जानकारी देते हुए एडीसीपी वरुणा नीतू कादयान ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक ने अपनी मां के सिर पर ईंट से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल भिजवाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी घनश्याम को मौके से ही हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी अपनी मां से खाना मांग रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने पास पड़ी ईंट उठाकर मां के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी घनश्याम चार भाइयों में सबसे छोटा है और लंबे समय से नशे का आदी बताया जा रहा है। परिवार के लोगों का कहना है कि उसकी नशे की लत के कारण वह अक्सर घर से अलग रहता था और आए दिन झगड़ा करता था। घटना के समय भी वह नशे की हालत में बताया जा रहा है।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी के बड़े भाई बहादुर की तहरीर पर मंडुवाडीह थाने में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।