वाराणसी में दर्दनाक हादसा, खंभे से टकराई बाइक, इकलौते बेटे की मौत
वाराणसी। रोहनियां थाना क्षेत्र के दाउदपुर में बुधवार को होली के दिन तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई, जिससे 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
बलिरामपुर निवासी दीपक पटेल (20) अपने मित्र धर्मेंद्र, निवासी रोहनिया के साथ होली खेलने जा रहा था। इसी दौरान दाउदपुर के पास तेज गति के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा गया। वहां इलाज के दौरान दीपक पटेल ने दम तोड़ दिया, जबकि धर्मेंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।
बताया जाता है कि दीपक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और रोहनिया बाजार में सब्जी की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। बेटे की असमय मौत की खबर मिलते ही पिता संतोष, मां शिला देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में मातम पसरा हुआ है।