वाराणसी : दरोगा भर्ती परीक्षा में सॉल्वर गिरफ्तार, बायोमेट्रिक सत्यापन में गड़बड़ी से सामने आया सच 

दरोगा भर्ती परीक्षा के दौरान रविवार को पहली पाली में सनातन धर्म इंटर कॉलेज में सॉल्वर पकड़ा गया। बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान शक होने पर सॉल्वर को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से आधार कार्ड, प्रवेश पत्र और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए।
 

वाराणसी। दरोगा भर्ती परीक्षा के दौरान रविवार को पहली पाली में सनातन धर्म इंटर कॉलेज में सॉल्वर पकड़ा गया। बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान शक होने पर सॉल्वर को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से आधार कार्ड, प्रवेश पत्र और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए।
 
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह पहली पाली की परीक्षा में सनातन धर्म इंटर कॉलेज केंद्र पर सॉल्वर के रूप में परीक्षा दे रहे युवक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान गाजीपुर जनपद के नंदगंज थाना क्षेत्र के नसीरपुर पोहडीह गांव निवासी विमलेश कुमार के रूप में हुई। उसके पास से आधार कार्ड, प्रवेश पत्र समेत अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए।

बताया गया कि परीक्षा के दौरान बायोमेट्रिक सत्यापन में गड़बड़ी सामने आई, जिसके बाद अधिकारियों को संदेह हुआ। जांच करने पर पता चला कि असल अभ्यर्थी पवन कुमार की जगह विमलेश कुमार परीक्षा दे रहा था। केंद्र व्यवस्थापक की सूचना पर लक्सा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि पवन कुमार सोमभद्र जिले के झारोकला कटौली का रहने वाला है। बायोमेट्रिक और आधार ई-केवाईसी की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि परीक्षा देने वाला व्यक्ति असली अभ्यर्थी नहीं है। उसके स्थान पर परीक्षा दे रहा विमलेश कुमार फिरोजबाद गढ़सन के नासिरपुर फतेहपुर का निवासी है। 

लक्सा थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।