वाराणसी : एसओजी-2 टीम व पुलिस ने तस्कर को पकड़ा, गांजा बरामद, चेकिंग के दौरान मिली कामयाबी 

कमिश्नरेट पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत थाना भेलूपुर क्षेत्र में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। एसओजी-2 टीम और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर एक युवक को 300 ग्राम से अधिक गांजा के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ के साथ ही विधिक कार्रवाई में पुलिस जुटी रही। 
 

वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत थाना भेलूपुर क्षेत्र में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। एसओजी-2 टीम और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर एक युवक को 300 ग्राम से अधिक गांजा के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ के साथ ही विधिक कार्रवाई में पुलिस जुटी रही। 

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि भेलूपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि खोजवा क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेचने में संलिप्त है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसओजी-2 टीम, भेलूपुर पुलिस तथा खोजवा चौकी प्रभारी ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान शुरू किया।

अभियान के दौरान खोजवा इलाके में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी क्रम में एक स्कूटी सवार युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान स्कूटी की डिग्गी से लगभग 300 ग्राम से अधिक गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में युवक ने अपना नाम सोनू मौर्या निवासी खोजवा बताया।

पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बरामद गांजा को विधिवत सील कर जब्त कर लिया गया है। एसीपी ने बताया कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है। यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि वह गांजा कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी आपूर्ति करता था। पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।