वाराणसी : बहन ने भाई पर धमकी देने का दर्ज कराया मुकदमा, संपत्ति विवाद से जुड़ा है मामला 

पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने अब कानूनी रूप ले लिया है। भाई-बहन के बीच लंबे समय से चल रहे मतभेद के बीच एक महिला ने अपने भाई पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए भेलूपुर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 

वाराणसी। पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने अब कानूनी रूप ले लिया है। भाई-बहन के बीच लंबे समय से चल रहे मतभेद के बीच एक महिला ने अपने भाई पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए भेलूपुर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के नखास लोहटिया निवासी रीमा गुप्ता ने भेलूपुर थाने में लिखित तहरीर देकर अपने भाई बाल गोविंद गुप्ता के खिलाफ शिकायत की है। रीमा गुप्ता का मायका भेलूपुर क्षेत्र के खोजवा स्थित शंकुलधारा मोहल्ले में है। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनकी मां और भाई के बीच पैतृक संपत्ति को लेकर लंबे समय से न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है।

महिला का आरोप है कि संपत्ति विवाद को लेकर आरोपी भाई लगातार परिवार पर अदालत में चल रहे मुकदमे को वापस लेने का दबाव बना रहा था। जब उनकी मां और परिवार के अन्य सदस्यों ने मुकदमा वापस लेने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने कथित रूप से फोन कर धमकी देना शुरू कर दिया। पीड़िता का कहना है कि फोन पर उन्हें और उनकी मां को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई तथा जान से मारने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का प्रयास किया गया।

घटना के बाद रीमा गुप्ता ने भेलूपुर थाने पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी और सुरक्षा की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस कॉल डिटेल, फोन रिकॉर्डिंग और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच करेगी, ताकि आरोपों की सत्यता का पता लगाया जा सके।