वाराणसी : श्याम नगर में जलजमाव से परेशानी, 31 तक राहत नहीं मिली तो एक सितंबर से धरना की चेतावनी
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के डाफी बाईपास स्थित श्याम नगर कॉलोनी में बारिश के बाद हुआ जलजमाव अब सैकड़ों परिवारों के लिए मुसीबत बन गया है। कॉलोनी की गलियों और संपर्क मार्गों पर घुटने से लेकर कई स्थानों पर कमर तक पानी भरा है। लंबे समय से पानी जमा होने के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि 31 अगस्त तक जलनिकासी नहीं कराई गई तो एक सितंबर से प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
निवासियों के अनुसार कॉलोनी में जमा पानी बाढ़ का नहीं, बल्कि बारिश के बाद जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने का परिणाम है। पानी की निकासी नहीं होने से समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और बीमार लोगों को उठानी पड़ रही है। लोगों को जरूरी काम से बाहर निकलने के लिए गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
बच्चों की पढ़ाई प्रभावित, परिवारों ने छोड़े घर
जलजमाव का असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक स्थिति खराब होने के कारण करीब एक दर्जन परिवार घरों में ताला लगाकर दूसरे स्थानों पर रहने चले गए हैं। कुछ परिवार रिश्तेदारों के यहां तो कुछ किराये के मकान और आसपास के होटलों में रहने को मजबूर हैं।
कॉलोनी से रोजाना नौकरी, व्यवसाय, स्कूल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए सैकड़ों लोगों का आवागमन होता है। जलभराव के कारण पैदल चलना मुश्किल है। दोपहिया वाहन भी कई स्थानों पर पानी में फंस रहे हैं।
सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीरें
कॉलोनी निवासी श्वेता सिंह ने फेसबुक पर जलजमाव के वीडियो और तस्वीरें साझा कर प्रशासन से तत्काल राहत की मांग की है। स्थानीय लोगों ने कहा कि तत्काल पंप लगाकर पानी निकाला जाए। उनका आरोप है कि हर बारिश में जलनिकासी की समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जाता।
आंदोलन की चेतावनी
अधिवक्ता दीपक सिंह राजवीर ने जिला प्रशासन और नगर निगम से तत्काल जलनिकासी कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने घरों तक पहुंचने के लिए घुटने और कमर तक पानी से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि 31 अगस्त तक पानी नहीं निकला तो एक सितंबर से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जमीनी कार्यकर्ता होने के नाते जनता के बीच रहना पड़ता है। ऐसे में लोगों की परेशानी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से मौके पर टीम भेजकर स्थिति का निरीक्षण कराने और तत्काल पंप लगाकर पानी निकालने की मांग की।
स्थानीय निवासियों ने कहा कि पंप से पानी निकालना तत्काल राहत का उपाय है। भविष्य में समस्या न दोहराने के लिए क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था की तकनीकी जांच कराकर नाले और ड्रेनेज सिस्टम का स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है।