वाराणसी : बेकाबू थार ने कई लोगों को मारी टक्कर, दुकान का शटर और दरवाज क्षतिग्रस्त, मची अफरातफरी
वाराणसी। शहर के औरंगाबाद रोड पर तेज रफ्तार थार ने कई लोगों को टक्कर मार दी। अनियंत्रित थार ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी और फिर सड़क पर मौजूद कई लोगों को अपनी चपेट में लेते हुए आगे बढ़ गई। इस घटना में कई लोग घायल हो गए, जबकि क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार में 18 से 20 वर्ष आयु के कुछ युवक सवार थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनमें कुछ नाबालिग भी हो सकते हैं। बताया जाता है कि वाहन तेज गति से चल रहा था। सबसे पहले उसने एक बाइक को जोरदार टक्कर मारी। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी।
इसके बाद बेकाबू थार सड़क पर दौड़ती रही और रास्ते में आए कई लोगों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई। हादसे में चार से पांच लोग घायल हो गए। वाहन की गति इतनी तेज थी कि एक दुकान का शटर और दरवाजा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना से नाराज स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और वाहन चालक समेत उसके साथियों को हिरासत में लेकर सिगरा थाने ले गई। वहीं, घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।