वाराणसी : मुठभेड़ में श्रेया हत्याकांड का मुख्य आरोपी विवेक चौबे गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
वाराणसी। श्रेया उपाध्याय हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त विवेक चौबे को रविवार को राजातालाब पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी जक्खिनी भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का देसी तमंचा, एक खोखा और एक कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, एमएससी की छात्रा ग्राम मरुई निवासी श्रेया उपाध्याय (22) 18 अगस्त को लापता हुई थीं। दो दिन बाद 20 अगस्त को उसका शव रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव पश्चिमपुरा में मिला था। मामले में राजातालाब थाने में मुकदमा संख्या 157/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। हत्याकांड के खुलासे के लिए डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान और एडीसीपी नृपेन्द्र के निर्देश पर पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने 24 अगस्त को पुनीत मिश्रा और 27 अगस्त को रामसहाय चौबे को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद मुख्य आरोपी विवेक चौबे की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि विवेक चौबे जगरदेवपुर के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वहां चेकिंग शुरू की। पुलिस को देखते ही संदिग्ध भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में विवेक चौबे के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे तत्काल सीएचसी जक्खिनी भेजा गया, जहां उसका उपचार कराया गया।
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक विवेक चौबे ने बताया कि श्रेया की शादी अन्यत्र तय होने से वह नाराज था। इसी नाराजगी के चलते उसने अपने साथी पुनीत मिश्रा के साथ मिलकर 18 अगस्त को श्रेया की हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ धारा 103(1), 3(5), 238(क) बीएनएस तथा 3/25/5/27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार और उनकी टीम शामिल रही।