वाराणसी : श्रेया हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली, साथी फरार

एमएससी छात्रा श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में वांछित आरोपी मऊ निवासी पुनीत मिश्रा को राजातालाब पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
 

वाराणसी। एमएससी छात्रा श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में वांछित आरोपी मऊ निवासी पुनीत मिश्रा को राजातालाब पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान पुनीत मिश्रा के कब्जे से 315 बोर का एक असलहा, कारतूस और खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस टीम की कार्रवाई के दौरान स्पलेंडर बाइक पर सवार एक अन्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। उसकी तलाश में पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि श्रेया की हत्या की वारदात को अंजाम देने में पुनीत मिश्रा की अहम भूमिका थी। आरोप है कि उसने वारदात में अपने साथियों को शामिल करने के लिए उन्हें पैसों का लालच दिया था। पुलिस अब फरार आरोपी की पहचान और भूमिका की जांच करने के साथ ही हत्या में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

जांच टीम पुनीत से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या की साजिश में कितने लोग शामिल थे और वारदात के पीछे क्या वजह थी। पुलिस बरामद असलहे और कारतूस की भी जांच कर रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश जारी है।