वाराणसी : श्रम बंधु की बैठक में योजनाओं की समीक्षा, रोजगार व पेंशन योजनाओं के व्यापक प्रचार पर जोर
वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला श्रम बंधु की बैठक हुई। इसमें श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PMVBRY) और प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना (PM-SYM) की समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न विभागीय अधिकारी, सेवायोजक और श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। मीटिंग में रोजगार और पेंशन योजनाओं के व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।
बैठक में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत पहली बार रोजगार पाने वाले श्रमिकों और उनके नियोक्ताओं दोनों को प्रोत्साहन राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जा रही है। ऐसे श्रमिक जिनका वेतन एक लाख रुपये से कम है, उन्हें वर्ष में दो समान किस्तों में 7,500 रुपये दिए जाएंगे, यानी कुल 15,000 रुपये का लाभ मिलेगा। वहीं नियोक्ताओं को भी 1,000 से 3,000 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
जनपद में चिन्हित 2,096 प्रतिष्ठानों में से अब तक 1,489 का पंजीकरण हो चुका है। शेष 687 प्रतिष्ठानों के पंजीकरण में तेजी लाने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए, ताकि अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ उठा सकें। इसके अलावा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना (PM-SYM) के तहत असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने पर जोर दिया गया। इस योजना में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के श्रमिकों को 60 वर्ष की आयु के बाद प्रति माह 3,000 रुपये पेंशन दी जाती है। इसके लिए श्रमिकों को आयु के अनुसार 55 से 200 रुपये तक मासिक अंशदान करना होता है। पंजीकरण की सुविधा जन सुविधा केंद्रों या ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध है।
बैठक में मनरेगा श्रमिकों, स्वयं सहायता समूहों, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, रिक्शा चालकों, फेरीवालों, घरेलू श्रमिकों समेत असंगठित क्षेत्र के विभिन्न वर्गों को योजना से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे लक्षित समूहों तक पहुंचकर अधिकाधिक पंजीकरण सुनिश्चित करें। उप श्रमायुक्त महेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि सेवायोजन विभाग द्वारा “सेवा मित्र पोर्टल” और टोल फ्री नंबर 155330 के माध्यम से 36 श्रेणियों के श्रमिकों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बैठक में इसका डेमो भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें इलेक्ट्रिशियन सेवा की मांग पर तुरंत उपलब्धता की जानकारी दी गई।