वाराणसी : शोरूम मैनेजर पर 50 लाख का सोना हड़पने का आरोप, मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस 

मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के अवलेशपुर में नारायण दास सर्राफ एंड ज्वेलर्स प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजर पर करीब 300 ग्राम सोने की ज्वेलरी हड़पने का आरोप लगा है। कंपनी के कमर्शियल ऑफिसर श्रीकृष्ण अग्रवाल की ओर से पुलिस में शिकायत देकर मैनेजर रतन अग्रवाल और उसकी पत्नी शारदा रावत के खिलाफ प्राथमिकता दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शारदा को गिरफ्तार कर लिया है।
 

वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के अवलेशपुर में नारायण दास सर्राफ एंड ज्वेलर्स प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजर पर करीब 300 ग्राम सोने की ज्वेलरी हड़पने का आरोप लगा है। कंपनी के कमर्शियल ऑफिसर श्रीकृष्ण अग्रवाल की ओर से पुलिस में शिकायत देकर मैनेजर रतन अग्रवाल और उसकी पत्नी शारदा रावत के खिलाफ प्राथमिकता दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शारदा को गिरफ्तार कर लिया है।

शिकायत के मुताबिक, कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत रतन ने करीब 50 लाख रुपये कीमत का सोना हड़पने का आरोप है। शिकायकर्ता के मुताबिक, 31 अगस्त को आंतरिक स्टॉक की जांच कराई गई, जिसमें 22 कैरेट सोने की छह ज्वेलरी, जिनका कुल वजन 194.890 ग्राम था, गायब मिलीं। इसके अलावा करीब 100 ग्राम पुराना सोना और अन्य ज्वेलरी भी स्टॉक से कम पाई गई।

जांच के दौरान 29 जून को राघवेंद्र राय के नाम से 31,32,855.22 रुपये की ज्वेलरी के लिए जमा कराए गए 50 हजार रुपये एडवांस राशि की गड़बड़ी भी सामने आई। जांच में सामने आया कि उक्त रकम मैनेजर के पत्नी के खाते में भेजी गई है। कंपनी की ओर से मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी मैनेजर ने बेटे की बीमारी का बहाना बनाकर एक घंटे की मोहलत मांगी और निकल गया, उसके बाद लौटकर नहीं आया। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।