वाराणसी : भैंस को ट्रेन से बचाने दौड़े चरवाहे की भी गई जान, पशु की भी मौत
वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र के सजोई गांव के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में भैंस और चरवाहे की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे में 60 वर्षीय रामसागर उर्फ मंटू राजभर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जंसा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रामसागर राजभर रेलवे ट्रैक के किनारे अपनी भैंसों को चरा रहे थे। इसी दौरान एक भैंस अचानक रेलवे लाइन पर चली गई। उसी समय सामने से तेज रफ्तार ट्रेन आती दिखाई दी। भैंस को रेलवे ट्रैक पर देखकर रामसागर उसे हटाने के लिए दौड़ पड़े। उन्होंने भैंस को रेलवे लाइन से हटाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान तेज गति से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि रामसागर और भैंस दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की जानकारी मिलते ही रामसागर के परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार रामसागर पशुपालन और मेहनत-मजदूरी से परिवार का भरण-पोषण करते थे।
मृतक के दो बेटे और एक बेटी हैं। तीनों की शादी हो चुकी है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।