वाराणसी: कचहरी को बम से उड़ाने और शंकराचार्य के अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी को भी जान से मारने की धमकी, मोबाइल पर आया मैसेज
वाराणसी। न्यायिक व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के अधिवक्ता और बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य श्रीनाथ त्रिपाठी को देर रात मोबाइल पर जान से मारने की धमकी मिली है। रात करीब ढाई बजे आए एक अज्ञात मैसेज में लिखा गया कि “बनारस कचहरी को बम से उड़ा देंगे, तुम्हें भी।” इस धमकी के बाद न केवल अधिवक्ता बल्कि पूरे कचहरी परिसर में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती कर चप्पे-चप्पे पर निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी प्रकार की आशंका से निपटने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि पिछले 14 दिनों के भीतर यह चौथी बार है जब बनारस कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। ऐसे में इस ताजा घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है। हालांकि, श्रीनाथ त्रिपाठी का कहना है कि इस तरह की धमकियां पहले भी मिल चुकी हैं और प्रथम दृष्टया यह मामला शंकराचार्य से जुड़े प्रकरण से संबंधित प्रतीत नहीं होता। उन्होंने कहा कि देर रात आए इस मैसेज की सूचना तत्काल जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन को दे दी गई है। साथ ही उन्होंने मांग की है कि धमकी देने वाले आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए ताकि न्यायिक कार्य बाधित न हो।
वहीं अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि वरिष्ठ अधिवक्ता की शिकायत पर भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अधिवक्ता को सुरक्षा भी उपलब्ध कराई गई है। पुलिस की विशेष टीम गठित कर मैसेज भेजने वाले की तलाश शुरू कर दी गई है। साइबर सेल भी तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी है।
श्रीनाथ त्रिपाठी वर्तमान में शंकराचार्य पर दर्ज पॉक्सो एक्ट मामले की पैरवी कर रहे हैं। ऐसे में इस धमकी को गंभीरता से देखा जा रहा है। उन्होंने धमकी भरे मैसेज का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर साझा कर संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है और कचहरी परिसर में सतर्कता बढ़ा दी गई है।