वाराणसी : 24 घंटे में स्कूटी चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, वाहन बरामद
वाराणसी। कोतवाली पुलिस ने स्कूटी चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एक्टिवा 125-डिस्क स्कूटी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत काशी जोन के पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कोतवाली पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिद्धार्थ साहनी (19) पुत्र रामलखन साहनी, निवासी कोनिया, थाना आदमपुर, वाराणसी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 221/2026, धारा 305 बीएनएस की विवेचना के दौरान पुलिस टीम आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की गई स्कूटी जैसी ही एक स्कूटी लेकर एक व्यक्ति नमोघाट की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चौकी लाट भैरव के पास घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान वह स्कूटी के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने ई-चालान एप पर वाहन का विवरण जांचा तो स्कूटी चोरी की निकली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने 12/13 सितंबर की रात मध्यमेश्वर, कोतवाली क्षेत्र स्थित एक घर में घुसकर स्कूटी चोरी की थी। चोरी के बाद वह पुलिस की नजर से बचाकर वाहन चला रहा था और उसे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था। पुलिस ने चोरी की एक एक्टिवा 125-डिस्क स्कूटी, रजिस्ट्रेशन नंबर UP65ER4060 बरामद की है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक नितेश कुमार, उपनिरीक्षक राहुल गुप्ता, कांस्टेबल अरुण भारती और कांस्टेबल महेन्द्र यादव शामिल रहे।