वाराणसी : सपा संकल्प दिवस के रूप में मनाएगी छोटे लोहिया की जयंती, कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान तेज करने का आह्वान 

समाजवादी पार्टी 'छोटे लोहिया' के नाम से विख्यात जनेश्वर मिश्र की जयंती 5 अगस्त को पूरे उत्तर प्रदेश में 'संकल्प दिवस' के रूप में मनाएगी। इस अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में शुक्रवार को वाराणसी के सर्किट हाउस सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में पार्टी नेताओं ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए कार्यकर्ताओं से तैयारियों में पूरी ताकत लगाने का आह्वान किया।
 

वाराणसी। समाजवादी पार्टी 'छोटे लोहिया' के नाम से विख्यात जनेश्वर मिश्र की जयंती 5 अगस्त को पूरे उत्तर प्रदेश में 'संकल्प दिवस' के रूप में मनाएगी। इस अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में शुक्रवार को वाराणसी के सर्किट हाउस सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में पार्टी नेताओं ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए कार्यकर्ताओं से तैयारियों में पूरी ताकत लगाने का आह्वान किया।

प्रेसवार्ता में बलिया सांसद सनातन पांडेय, चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह और स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने बताया कि 5 अगस्त को लखनऊ में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें प्रदेश के सभी जिलों से बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता और पदाधिकारी भाग लेंगे। इसके लिए जिला एवं महानगर इकाइयों को अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क अभियान चलाकर कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

नेताओं ने कहा कि जनेश्वर मिश्र की जयंती केवल श्रद्धांजलि अर्पित करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे 'संकल्प दिवस' के रूप में मनाते हुए समाजवादी विचारधारा, सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनेश्वर मिश्र का पूरा राजनीतिक जीवन आम जनता, किसानों, मजदूरों, पिछड़ों और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित रहा, जिसे आगे बढ़ाने का संकल्प पार्टी ले रही है।

सपा नेताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी गरीबों, पिछड़ों, दलितों, वंचितों और कमजोर तबकों के हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उनका दावा था कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सभी वर्गों को न्याय दिलाने, उत्पीड़न पर प्रभावी कार्रवाई करने और जनहित की नीतियों को प्राथमिकता देने का काम किया जाएगा।

प्रेसवार्ता के दौरान नेताओं ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए और विभिन्न समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। गठबंधन से जुड़े सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सहयोगी दलों के नेताओं के अलग-अलग बयान लोकतांत्रिक राजनीति का हिस्सा हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी फिलहाल अपने संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर पूरा ध्यान केंद्रित कर रही है।