वाराणसी : सफाई में लापरवाही पर 16 कर्मियों का वेतन कटा, सुपरवाइजरों को चेतावनी
सरसौली, मध्यमेश्वर, हुकुलगंज और सरायनंदन वार्डों में नगर निगम की टीम ने किया निरीक्षण
गलियों में गंदगी, नालियों में सिल्ट, जलजमाव और दिन में जलती मिलीं स्ट्रीट लाइटें; मौके पर कई खामियां कराई गईं दूर
वाराणसी। शहर की सफाई व्यवस्था और मूलभूत नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम के अधिकारियों ने गुरुवार को चार वार्डों में व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। सरसौली, मध्यमेश्वर, हुकुलगंज और सरायनंदन वार्ड में सफाई व्यवस्था, सफाई कर्मियों की उपस्थिति और नागरिक सुविधाओं की स्थिति जांची गई। निरीक्षण के दौरान मुख्य मार्गों की सफाई संतोषजनक मिली, लेकिन कई गलियों में गंदगी, नालियों में सिल्ट, जलजमाव, खाली प्लॉटों में कचरे के ढेर और दिन में जलती स्ट्रीट लाइट जैसी खामियां सामने आईं।
चारों वार्डों में कुल 16 सफाई कर्मी बिना सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी 16 कर्मचारियों का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले सुपरवाइजरों को चेतावनी दी गई। अनुपस्थित कर्मचारियों में सरसौली और मध्यमेश्वर वार्ड के पांच-पांच तथा हुकुलगंज और सरायनंदन के तीन-तीन कर्मी शामिल हैं।
सरसौली में पांच कर्मचारी मिले गैरहाजिर
संयुक्त नगर आयुक्त जितेंद्र कुमार आनंद के निरीक्षण में सरसौली वार्ड में 50 में से पांच सफाई कर्मी अनुपस्थित मिले। बारिश के कारण गलियों में जमी काई और झाड़ियों को तत्काल साफ कराया गया। दिन में जलती स्ट्रीट लाइटों को मौके पर ठीक कराया गया। धंसे चौकों और दबे सीवर ढक्कनों की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए।
मध्यमेश्वर में नालियों की हालत मिली खराब
अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता के निरीक्षण में मध्यमेश्वर वार्ड के 46 में से पांच कर्मचारी अनुपस्थित मिले। मेडविन अस्पताल के सामने नाली में सिल्ट जमा मिली, जबकि मैदागिन चौराहे के पास नाली क्षतिग्रस्त मिली। कबीरचौरा अस्पताल और जलकल कार्यालय के पास जल निकासी के लिए नई गलीपिट बनाने के निर्देश दिए गए।
हुकुलगंज और सरायनंदन में भी मिलीं खामियां
अपर नगर आयुक्त अमित कुमार के निरीक्षण में हुकुलगंज वार्ड के तीन सफाई कर्मी अनुपस्थित मिले। मुख्य मार्ग साफ मिले, लेकिन गलियों की सफाई और डोर-टू-डोर कूड़ा उठान संतोषजनक नहीं था। लापरवाही पर सुपरवाइजर राजेश कुमार और कवि कुमार को चेतावनी दी गई। सीवर और वाटर लाइन कार्य से प्रभावित गलियों में आवागमन की समस्या पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र के निरीक्षण में सरायनंदन वार्ड के तीन सफाई कर्मी अनुपस्थित मिले। खाली प्लॉटों में फैले कचरे को तत्काल हटाने और लो-लैंड क्षेत्रों में जमा पानी निकालने के लिए पंप लगाए गए। प्रभावित क्षेत्रों में एंटी लार्वा और ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव के निर्देश भी दिए गए।