वाराणसी : मोबाइल पर मैसेज भेजकर खाते से उड़ाए 84500 रुपये, साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत
वाराणसी। साइबर अपराधियों ने एक इलेक्ट्रिक बस चालक को निशाना बनाते हुए उसके बैंक खाते से 84,500 रुपये की रकम उड़ा दी। घटना के बाद पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराते हुए बैंक और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गौर गांव निवासी अंबुज मिश्रा इलेक्ट्रिक बस चालक के रूप में कार्यरत हैं। शुक्रवार दोपहर उनके मोबाइल फोन पर एक ऐप से संबंधित संदेश प्राप्त हुआ। कुछ समय बाद उनके मोबाइल पर बैंक खाते से धनराशि कटने के लगातार संदेश आने लगे। जब उन्होंने खाते की जानकारी जांची तो पता चला कि अज्ञात साइबर जालसाजों ने तीन अलग-अलग लेनदेन के माध्यम से कुल 84,500 रुपये निकाल लिए हैं।
अचानक खाते से बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलने पर अंबुज मिश्रा के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और पूरे मामले की जानकारी दी। इसके अलावा सोमवार को उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की मिर्जामुराद शाखा पहुंचकर बैंक अधिकारियों को घटना से अवगत कराया तथा खाते से हुई अवैध निकासी की शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित ने मिर्जामुराद थाने में भी तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं साइबर विशेषज्ञों ने लोगों से अनजान लिंक, ऐप संबंधी संदेशों और संदिग्ध कॉल से सतर्क रहने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की ऑनलाइन ठगी से बचा जा सके।